ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जग्गा भाटी स्पोर्ट्स क्लब डाबरा की टीम ने बृहस्पतिवार को विशाल वॉलीबॉल प्रतियोगिता की ट्राफी पर कब्जा कर लिया। देर रात तक चली प्रतियोगिता में अन्य राज्य व जिलों की 38 टीमों में मुकाबला हुआ। ग्रेनो के डाढ़ा गांव में ग्रामीण के सहयोग से बृहस्पतिवार को विशाल वॉलीबॉल प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें ग्रेटर नोएडा के डाबरा गांव स्थित जग्गा भाटी स्पोर्ट्स क्लब डाबरा अकादमी टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। फाइनल में टीम का मुकाबला शेंकी बरौला नोएडा के साथ हुआ। टीम के खिलाड़ी रोबिन, भोला, सुशील , विनीत, सोनू, गोल्डन, दीपक, जग्गा भाटी (कप्तान) ने बेहतर प्रदर्शन कर विपक्षी टीम को 21-13 अंक से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा किया। आयोजक गौरव भाटी ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ एचएल इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक लेखराज भाटी ने किया। इस मौके पर वीरू भाटी, मोनू भाटी, घासी भाटी, सुरेंद्र भाटी, दिनेश नागर व कोच ओमवीर भाटी मौजूद रहे।