नूंह। यासीन मेव डिग्री कॉलेज के छात्र इरफान खान का क्रिकेट की कोचिंग कैंप में नार्थ जोन की चैंपियनशिप के लिए चयन किया गया है। इरफान खान का यह चयन महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) द्वारा किया गया है। एमडीयू के अंडर करीब 200 कॉलेज आते हैं। दरअसल, बीते दिनों एमडीयू द्वारा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन रोहतक में कराया गया था। इसमें नूंह शहर के यासीन मेव डिग्री कॉलेज की टीम का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। इरफान खान का उनके बेहतरीन बल्लेबाजी व गेंदबाजी के दम पर चयन किया गया है। कई मैचों में यासीन मेव डिग्री कॉलेज के कप्तान इरफान खान ने अपनी टीम को जीत दिलाई थी। यासीन मेव डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर मोहम्मद इम्तियाज खान व मोहम्मद खालिद ने बताया कि पहली बार उनके कॉलेज के किसी छात्र का क्रिकेट की नार्थ जोन चैंपियनशिप के लिए चयन किया गया है। इससे पूर्व अन्य खेलों में कॉलेज के युवा परचम लहराते रहे हैं। नार्थ जोन चैंपियनशिप में उतर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश व जम्मू काश्मीर के युवा अपना जौहर दिखाएंगे। उन्हें पूरी उम्मीद है, कि इरफान खान एक दिन देश के लिए विश्व स्तर पर क्रिकेट खेलेगा। वहीं युवा इरफान खान ने अपने चयन पर कहा कि कड़ी मेहनत के बल पर यह संभव हो पाया है। जिससे अब वह पहले की अपेक्षा अधिक क्रिकेट पर ध्यान देंगे।