नोएडा। शासन ने नोएडा प्राधिकरण के सफाई कर्मचारियों के अधिकारों के हनन के आरोपों की जांच का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई भीम आर्मी प्रमुख व सांसद चंद्रशेखर की शिकायत के बाद हुई है। विशेष सचिव चंद्र विजय सिंह ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को शिकायत पर तत्काल जांच कर इसकी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सांसद चंद्रशेखर ने 11 जून को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में नोएडा प्राधिकरण के सफाई कर्मचारियों की ईएसआई और पीएफ जैसी सुविधाओं में अनियमितता का आरोप लगाया था। ग्रेच्युटी संबंधी नियमों के उल्लंघन का भी जिक्र किया था। चंद्रशेखर ने अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच कथित मिलीभगत और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। शिकायत में प्राधिकरण के जीएम पर पद के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग की गई थी।