ग्रेटर नोएडा (संवाद)। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका ने कहा कि पोषण ट्रैकर पर वजन लिए गए लाभार्थियों और गर्भवती महिलाओं की एएनसी संबंधी डेटा प्रविष्टि शत-प्रतिशत पूरी कराई जाए। उन्होंने वजन मापन में आ रही लॉजिस्टिक समस्याओं की सूची तैयार कर तत्काल जिला कार्यक्रम कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि पोषण ट्रैकर के माध्यम से जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार वितरण एवं बच्चों के वजन और मापन की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। मापन प्रक्रिया में जनपद की प्रगति 97.64 प्रतिशत दर्ज की गई है। साथ ही गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच (एएनसी) बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि जनपद में 83 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। इनके निर्माण और विकास कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराए जा रहे हैं।