पढ़ाई के बजाए विद्यालय में झाड़ू लगा रहे विद्यार्थी
-बिसरख ब्लॉक के मकौड़ा गांव के कम्पोजिट स्कूल में बच्चों से झाड़ियां व घास भी उखड़वाए गए
रूपल राठी
ग्रेटर नोएडा। बच्चों पढ़ाने के लिए सरकार जहां पूरा जोर लगा रही है वहीं, विद्यालय में उनसे झाड़ू लगवाया जा रहा है। बिसरख ब्लॉक के मकौड़ा गांव स्थित कम्पोजिट स्कूल में कुछ ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। जहां झाड़ू देकर बच्चों से स्कूल की सफाई करवाई जा रही है वहीं, उनसे झाड़ियां व घास तक उखड़वाए जा रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि प्राधिकरण की ओर से कोई सफाई कर्मी की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण स्कूल में गंदगी रहती है।
मकौड़ा गांव स्थित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय एक ही परिसर में है। मकौड़ा कंम्पोजिट विद्यालय में 170 विद्यार्थी हैं। उन्हें पढ़ाने के लिए 6 शिक्षक हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में साफ-सफाई के लिए कोई कर्मचारी नहीं है। मजबूरन छात्रों को स्कूल की सफाई करनी पड़ती है। गांव के पूर्व प्रधान राज कुमार भाटी ने बताया कि स्कूल में बच्चे झाड़ू लगाते हैं। घास काटने के अलावा अन्य काम भी करते हैं। इसकी शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से भी की गई है।
मिड डे मील की गुणवत्ता पर उठे सवाल
स्कूल में छात्रों के मिड-डे मील में खराब गुणवत्ता का आरोप गांव के पूर्व प्रधान ने लगाया है। आरोप है कि छात्रों के दूध में पानी की मात्रा अधिक पाई गई है। पूर्व प्रधान ने बताया कि बुधवार को भी बच्चों को दिए गए दूध में पानी की मात्रा अधिक थी। कई बार विभाग से शिकायत की जा चुकी है।