जेवर क्षेत्र में फोर-जी प्रीपेड मीटर लगाने का काम शुरू
पहले चरण में ग्रेटर नोएडा व जेवर में लगेंगे मीटर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में इलेक्ट्राॅनिक मीटर के स्थान पर स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू हो गया है। पहले चरण में ग्रेटर नोएडा व जेवर में 4जी प्रीपेड मीटर लगेंगे। इसके लिए कनेक्टिविटी सर्वे शुरू हो गया है। जिन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी की दिक्कत है, वहां पर कनेक्टिविटी की सुविधा दुरुस्त की जाएगी। उसके बाद मीटर लगाने का काम शुरू होगा। मीटर लगाने का काम इंटेली स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कर रही है। 25 किलोवाट तक उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। इस श्रेणी में जिले में करीब दो लाख उपभोक्ता आएंगे। मीटर लगाने में अधिक लाइन लाॅस वाले क्षेत्रों को पहले प्राथमिकता दी जा रही है। दूसरे चरण में अन्य खंडों में प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे। स्मार्ट मीटर मोबाइल फोन की तरह काम करेगा। इसमें सिम लगेगी। सिम के नंबर से ही मीटर रिचार्ज होगा। इसको पूरी तरह मोबाइल से ट्रेस किया जा सकेगा। बिजली आपूर्ति का विवरण इसमें दर्ज रहेगा।
जिले में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले चरण में ग्रेटर नोएडा व जेवर खंड में मीटर लगाए जा रहे हैं। अभी कनेक्टिविटी सर्वे चल रहा है। -नंदलाल, अधीक्षण अभियंता द्वितीय नोएडा