ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर डेल्टा-2 स्थित शिव शक्ति मंदिर ट्रस्ट में अनियमितताओं के आरोपों के बाद जिला प्रशासन ने जांच समिति गठित कर दी है। उपजिलाधिकारी सदर के निर्देश पर बनी समिति ट्रस्ट गठन की प्रक्रिया, आय-व्यय और सदस्यों के विवरण की जांच करेगी। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि दान राशि, सदस्यता शुल्क और ट्रस्ट से जुड़ी जानकारियां सार्वजनिक नहीं की गईं हैं। सेक्टर डेल्टा-2 आरडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष रिंकू भाटी ने बताया कि मंदिर में पहले से समिति होने के बावजूद ट्रस्ट गठन को लेकर सवाल उठाए गए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता जरूरी है और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। अब सभी की नजर जांच समिति की रिपोर्ट पर है।