दस लाख रुपये से अधिक के लेनदेन की देनी होगी जानकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में सभी बैंकर्स को दिए निर्देश
बैंकर्स को ई-एसएमएस एप्लीकेशन के बारे में भी दी जानकारी
बैंकर्स के साथ-साथ अन्य एजेंसी भी लेनदेन पर रखेगी नजर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। लोकसभा चुनाव के दौरान बैंक से 10 लाख से अधिक निकालने पर खाताधारकों इसका कारण और उससे संबंधित कागजात देने होंगे। इस बारे में सोमवार को बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्देश दिए। इसके अलावा कार में रखी नकदी का हिसाब भी देना होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव के दौरान बैंकों में लेनदेन पर नजर रखी जाएगी। बैंक प्रबंधक इसकी रिपोर्ट तैयार करेंगे। अगर 10 लाख रुपये से अधिक लेनदेन होता है तो उसकी रिपोर्ट प्रशासन को देनी होगी। चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए नकदी का प्रयोग नहीं होने दिया जाएगा। बैंकर्स के साथ-साथ अन्य एजेंसी भी लेनदेन पर नजर रखेगी। नकदी ले जाने वाली गाड़ियों में केवल बैंकों का पैसा होगा। गाड़ी के पास बैंक की तरफ से जारी पत्र और दस्तावेज होना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्टेटिक सर्विलांस और उड़नदस्ता टीम इन गाड़ियों को रोककर जांच करेगी। बैठक में बैंकर्स को ई-एसएमएस एप्लीकेशन की जानकारी भी दी। वहीं, अधिकारी ने बैंकर्स को बैंकों में आने वाले उपभोक्ताओं को मतदान करने के लिए जागरूक करने को कहा है।