जी 20 की लाइटें चोरी होने की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल
- प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों ने जानकारी होने से किया इंकार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जी-20 सम्मेलन को लेकर अल्फा वन गोल चक्कर से जेपी गोल चौक के बीच सुंदरता के लिए लगाई गईं करीब दो दर्जन लाइटें चोरी होने की एक सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हालांकि प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों ने इस इसकी जानकारी होने से इंकार किया है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर लाइटों के चोरी होने की सूचना के वायरल होने पर जब प्राधिकरण अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है। अभी एजेंसी लाइट लगाने का काम कर रही है। कुछ लाइट खराब हो गई थीं, उनको बदलवाने का काम किया जा रहा है। यदि वह लाइट चोरी हुई हैं तो कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी। वहीं, बीटा दो कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा का कहना है कि लाइट चोरी होने की सूचना नहीं है और न ही प्राधिकरण की ओर से कोई शिकायत की गई है। जी-20 की तैयारी को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सड़कों, चौराहा समेत अन्य पर करीब 50 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इसी राशि से सड़कों पर विशेष तरह की पोल लाइट लगवाई गई हैं। जबकि कई स्थान पर जी-20 का लोगो भी लगवाए हैं।