यमुना सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाई का बेहतर माहौल देने और उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। निजी और पब्लिक स्कूलों की तर्ज पर एक सप्ताह पूर्व से ही तैयारियां शुरू हो जाएंगी और शिक्षक बच्चों को तैयारी कराएंगे। इसके बाद 15 अगस्त को कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार स्कूल में पढ़ाई के साथ ही विद्यार्थियों को विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। इसी क्रम में स्कूलों में निर्देश दिए गए हैं कि विद्यार्थियों को प्रेरित किया जाए कि वह स्कूल की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लें। इसकी रिपोर्ट भी उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। ब्यूरो