किसानाें की जनप्रतिनिधियों और सीईओ के साथ बैठक बेनतीजा
- चार घंटे में कई मुद्दों पर बनी सहमति, एजेंडा (मिनट्स) मांगा तो बिगड़ी बात
- राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर और जेवर विधायक धीरेंद्र ने सीईओ की वार्ता
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण कार्यालय में बुधवार को किसानों की राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के साथ चार घंटे तक चली वार्ता असफल रही। किसानों ने चेतावनी दी कि वह 12 सितंबर को प्राधिकरण के दोनों गेट बंद करके बैठेंगे। जब तक समस्याएं दूर नहीं होंगी, कोई काम नहीं होने दिया जाएगा।
किसान नेता डॉ. रुपेश वर्मा ने बताया कि बैठक में जिन मुद्दों पर सहमति बन गई थी, केवल उनका एजेंडा (मिनट्स) मांगा था। मगर प्राधिकरण अधिकारी इसके लिए 25 सितंबर का समय देने लगे। यहीं बात बिगड़ गई। प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों की मंशा साफ नहीं है। इसलिए वार्ता बेनतीजा रही है। प्राधिकरण बोर्ड रूम में करीब चार घंटे तक मैराथन बैठक हुई, यहां कुछ मुद्दों को शासन के समक्ष भेजने की बात हुई। अधिकारियों के बाद में मिनट्स देने के निर्णय पर जनप्रतिनिधियों ने भी सुर में सुर मिला दिया। इस पर किसानों ने निर्णय लिया कि जब तक मिनट्स नहीं मिलेंगे तब तक इस बैठक का कोई फैसला मान्य नहीं होगा।
इसके बाद किसानों बैठक का बहिष्कार किया और वापस धरने पर चले आए। किसान सभा के उपाध्यक्ष ब्रह्मपाल सूबेदार ने बताया कि आज की वार्ता से काफी सकारात्मक नतीजे आने की उम्मीद थी, लेकिन उनकी मामूली सी बात को भी नहीं माना गया। बैठक में किसानों के प्रतिनिधि मंडल में मोहित नागर,वीर सिंह, नरेंद्र भाटी, जगबीर नंबरदार, सचिन, प्रशांत भाटी, मोहित भाटी, अजब सिंह, निशांत रावल, गवरी मुखिया आदि शामिल रहे। वहीं धरने की अध्यक्षता जयकरण भाटी और संचालन सतीश यादव ने किया।