नोएडा। हैदराबाद की कंस्ट्रक्शन कंपनी पावर मैक प्रोजेक्ट लिमिटेड के देशभर में 30 से ज्यादा ठिकानों पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापे मारे। कंपनी के नोएडा सेक्टर-63 स्थित उत्तर भारत के क्षेत्रीय कार्यालय में 30 घंटे से ज्यादा समय तक जांच चली। टीम ने यहां से करीब 20 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी की संभावना जताते हुए दस्तावेज जब्त किए हैं। इसी मामले में सेक्टर-80 स्थित एक अन्य औद्योगिक परिसर में आयकर विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची, लेकिन किसी अन्य के नाम लीज पर मिलने के बाद टीम लौट गई।
सूत्रों के अनुसार, कंपनी के नोएडा के सेक्टर-63 एच ब्लॉक के अलावा पश्चिम बंगाल व नागपुर क्षेत्रीय कार्यालय हैं। 30 से अधिक लोकेशन पर कार्रवाई के दौरान 100 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी के संकेत मिले हैं। दस्तावेज की जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। नोएडा के क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को जांच टीम पहुंची थी। विभाग की नोएडा रेंज के दो टीमों का सहयोग इस कार्रवाई में लिया गया। इस दौरान दस्तावेज और इलेक्ट्रानिक डाटा जब्त किया गया है। कंपनी ने कर चोरी करने के लिए खर्च को बढ़ाकर दिखाया था।
सीबीआई से मांगे एनबीसीसी के जीएम से जुड़े दस्तावेज
नोएडा। पिछले दिनों आयकर विभाग ने राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (एनबीसीसी) के पूर्व महाप्रबंधक डीके मित्तल के सेक्टर-19 स्थित आवास पर छापा मारकर 1.50 करोड़ रुपये व 1.2 करोड़ रुपये की जूलरी सहित संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए थे। आयकर विभाग की जांच से पहले ही सीबीआई ने मोबाइल सहित अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए थे। विभाग ने टैक्स चोरी की जांच का दायरा बढ़ाने के लिए सीबीआई से जब्त किए सभी दस्तावेज व मोबाइल मांगे हैं। खातों की जांच भी की जाएगी। ब्यूरो