जिम्स की क्लीनिकल ट्रायल फैसिलिटी का शुभारंभ आज
ग्रेटर नोएडा। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में मंगलवार को राष्ट्रीय मेडिकल डिवाइस रेगुलेशन कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला का आयोजन भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआइआइ) और भारत सरकार के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) के संयुक्त नेतृत्व में किया जाएगा। जिम्स निदेशक डॉ. बिग्रेडियर राकेश गुप्ता ने बताया, जिम्स में आयोजित होने वाली कार्यशाला में हाॅस्पिटल डेमो डे में इंक्यूबेशन सेंटर में चयनित प्रमुख 15 स्टार्टअप अपनी तकनीकों एवं उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। उन्हें निवेशकों, चिकित्सकों, उद्योग जगत के अलावा अकादमिक संस्थानों का सहयोग मिलेगा। देशभर से नियामक संस्थाओं के अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, मेडिकल डिवाइस निर्माता, चिकित्सक, शोधकर्ता, निवेशक एवं हेल्थकेयर स्टार्टअप शामिल होंगे। सीआईआई, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) और जिम्स के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। ब्यूरो