रबूपुरा (संवाद)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसीपी जेवर राजीव कुमार सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस ने रविवार को कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद कर आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। एसीपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा नहीं करने को कहा। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इस दौरान कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला, कस्बा इंचार्ज इमरान अंसारी और अश्वनी यादव समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।