नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की अर्जित और कब्जा प्राप्त जमीन पर कथित अवैध निर्माण के मामले में सेक्टर-126 थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-9 में तैनात अवर अभियंता सूरज त्यागी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में अवर अभियंता ने कहा कि सदरपुर की जमीन नोएडा प्राधिकरण की अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है। आरोप है कि इस जमीन पर सुभाष चौहान की ओर से भवन के रूप में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। राजस्व विभाग और वर्क सर्किल-9 के कर्मचारियों ने निर्माण को रुकवाया, लेकिन इसके बावजूद अवैध गतिविधि जारी रहने का आरोप है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अवैध निर्माण से नोएडा का सुनियोजित विकास प्रभावित हो रहा है। ब्यूरो