बिसरख और तुस्याना में अवैध निर्माण किया ध्वस्त
1.60 लाख वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने का दावा
अधिगृहीत व डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काट रहे थे कॉलोनाइजर
-प्राधिकरण ने मांगी रजिस्ट्री की जानकारी, कॉलोनाइजरों पर कानूनी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण ने तुस्याना गांव में अधिगृहीत व कब्जा प्राप्त और बिसरख के डूब क्षेत्र की जमीन पर बन रहे अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की। प्राधिकरण ने दोनों जगह पर करीब 1.60 लाख वर्ग मीटर जमीन को खाली कराने का दावा किया है। तुस्याना में अधिग्रहण से मुक्त कराई गई जमीन की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये बताई गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी हिमांशु वर्मा ने बताया कि गांव तुस्याना के खसरा नंबर 987, 988 और 989 की जमीन प्राधिकरण का अधिग्रहण हो चुका है। कब्जा भी लिया जा चुका था पर कॉलोनाइजर इस जमीन पर कॉलोनी काट रहे थे। शनिवार को परियोजना विभाग के वर्क सर्किल 3 के प्रभारी मनोज सचान, प्रबंधक प्रशांत समाधिया, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल व सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी की टीम प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और अवैध अतिक्रमण को ढहा दिया। टीम ने करीब 50 हजार वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। 5 जेसीबी और दो डंफर का इस्तेमाल कर यह कार्रवाई की गई। वहीं बिसरख के डूब क्षेत्र में खसरा नंबर 1, 2 व 3 की लगभग 1.10 लाख वर्ग मीटर जमीन को भी अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। ओएसडी ने चेतावनी दी है कि प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्राधिकरण की एसीईओ अन्नपूर्णा गर्ग ने लोगो से अपील की है कि अवैध रूप से जमीन कब्जा कर काटी जा रही कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। अगर किसी कॉलोनाइजर से अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदा है तो रजिस्ट्री का प्रपत्र लेकर पुलिस से शिकायत करें। साथ ही इसकी एक कॉपी प्राधिकरण को भी उपलब्ध कराएं ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।