अवैध असलहों की फैक्टरी का खुलासा, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
दादरी। मोहल्ला नई आबादी पुराना कटहेरा रोड से गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर अवैध असलहों की फैक्टरी का खुलासा किया है। उसके पास से 10 तमंचे, बाइक और भारी मात्रा में तमंचे बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से दनकौर कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर निवासी मोहल्ला सिरजाखानी निवासी जावेद उर्फ जावर गैंगस्टर एक्ट के मामले में काफी समय से फरार था। आरोपी नई आबादी के पुराने कटहैरा रोड पर अवैध असलहों की फैक्टरी चला रहा था। गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कटहेरा रोड नई आबादी मोहल्ले में छापा मारा।
छापे के दौरान 10 तमंचा, लोहा गरम करने की भट्टी, दो दर्जन से अधिक तमंचा बनाने के उपकरण तथा अधबने तमंचा मिल गए। तंमंचों को सप्लाई करने वाली बाइक भी मिल गई। पुलिस ने आरोपी जावेद उर्फ जावर को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस की पूछताछ में वह जावेद ने बताया कि वह अपने दोस्त जावेद पुत्र अनवर तमंचा बनाता है। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है।