नई दिल्ली। इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय (आईजीडीटीयूडब्ल्यू) में इन दिनों नौकरी व इंटर्नशिप पाने का दरवाजे खुले हुए हैं। विवि में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के तहत जारी प्लेसमेंट सेशन में छात्राओं को इंटर्नशिप स्टाइपेंड के रूप से 1.6 लाख रुपये की पेशकश हुई है। जबकि 17 छात्राओं को 52 लाख रुपये मासिक पैकेज के ऑफर प्राप्त हुए हैं। प्लेसमेंट सेशन में करीब 70 फीसदी से अधिक प्लेसमेंट हो गए हैं। अभी प्लेसमेंट सत्र जारी है और सत्र मार्च-अप्रैल तक चलेंगे।
प्लेसमेंट के लिए यह कंपनियां हुई शामिल
आईजीडीटीयूडब्ल्यू के प्लेसमेंट सत्र में अंतरराष्ट्रीय से लेकर घरेलू स्तर की कंपनियां छात्राओं को प्रभावशाली प्लेसमेंट ऑफर दिए हैं। इनमें गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, अमेजन जैसी कंपनियां शामिल हैं। गूगल ने 15 पूर्णकालिक जॉब व 18 इंटर्नशिप की पेशकश की है। गूगल स्टेप ने इंटर्नशिप के लिए नौ छात्राओं का चयन किया है। एप्पल ने नौ छात्राओं को मासिक 1,05,000 से अधिक का ऑफर दिया है। मालूम हो कि अक्तूबर तक हुए प्लेसमेंट सीजन में मोटरक सॉफ्टवेयर कंपनी ने एक छात्रा को अधिकतम एक करोड़ रुपये की पेशकश की थी। वहीं इंटर्नशिप के रूप में छात्राओं को 1.6 लाख रुपये मासिक का ऑफर दिया है।
ई-कॉमर्स लीडर फ्लिपकार्ट ने पांच छात्राओं को दो महीने की इंटर्नशिप, तीन को छह महीने की इंटर्नशिप और छह अतिरिक्त इंटर्नशिप की पेशकश करते हुए विविध अवसर प्रदान किए हैं। एडोब ने 22 इंटर्न का चयन किया, जिनमें से 11 प्री प्लेसमेंट ऑफर(पीपीओ) में परिवर्तित हो गए। 2026 बैच के लिए एडोब ने 16 इंटर्न की भर्ती की। लिंक्डइन ने 7 पीपीओ और 8 इंटर्नशिप सहित 15 अवसर दिए है, जबकि गो डैडी ने 40, 03,995 के आकर्षक सीटीसी पैकेज के साथ छह महीने की इंटर्नशिप के लिए पांच छात्रों को काम पर रखा। इसके अतिरिक्त गो डैडी ने एक प्रोडक्ट मैनेजर इंटर्न को 27,70, 000 का पैकेज दिया। अमेरिकन एक्सप्रेस ने 5 पीपीओ और 3 इंटर्नशिप के साथ 6 पूर्णकालिक ऑफर दिए हैं।
छात्राओं के समग्र विकास को समर्पित हैं : रंजना झा
आईजीडीटीयूडब्ल्यू की कुलपति प्रो. रंजना झा ने कहा कि हम छात्राओं के अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। लगातार और प्रभावशाली प्लेसमेंट रिकॉर्ड शिक्षा की गुणवत्ता को दिखा रहे हैं। हमारी स्नातक छात्राएं न केवल कार्यबल बल्कि वे विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने, नवाचार करने के लिए तैयार हैं। ये प्लेसमेंट हमारे छात्राओं को वैश्विक मंच पर सफल होने और सशक्त बनाने के लिए प्रदान किए जाने वाले अवसरों का प्रतिबिंब हैं।