बीते साल से भी अधिक बिकीं, जल्दी लेने के लिए लोग अतिरिक्त पैसे तक देने को तैयार
हर्ष मिश्रा
नोएडा। हाइब्रिड कारों की डिमांड काफी ज्यादा बढ़ गई है। आलम यह है कि इनका लंबा वेटिंग पीरियड चल रहा है। कई कारों पर तो एक से दो वर्ष तक का वेटिंग पीरियड चल रहा है। इन्हें लेने के लिए लोग अतिरिक्त पैसे तक देने को तैयार हैं। वहीं परिवहन विभाग द्वारा जारी किए गए डेढ़ वर्षों के आंकड़ों की तुलना करें तो इस वर्ष अब तक दोगुने से ज्यादा वाहन पंजीकृत हो गए हैं। 2022 में जहां कुल 2453 हाइब्रिड वाहन पंजीकृत हुए थे वहीं इस वर्ष जून तक ही 2729 वाहन पंजीकृत हो गए हैं। इसके अलावा वाहनों को खरीदने के लिए कई लोग तो अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
टोयोटा के सेल्स मैनेजर प्रवीण शर्मा बताते हैं कि हर दूसरा व्यक्ति इन कारों की डिमांड कर रहा है। टोयोटा को इनोवा हाइक्रॉस और अर्बन क्रूजर हाइराइडर एसयूवी सहित नए हाइब्रिड वाहनों को लेकर काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। दो वर्षों तक की डिलीवरी की बुकिंग हो गई है। दोनों मॉडल पेट्रोल और डीजल के साथ भी उपलब्ध हैं, लेकिन हाइब्रिड का माइलेज अच्छा होने के कारण इनकी मांग अधिक है। वर्तमान में तीन ऑटोमोबाइल निर्माता हैं- मारुति सुजुकी, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर और होंडा कार्स इंडिया-जिन्होंने हाइब्रिड श्रेणी में कारों को लॉन्च किया है। उप संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि इन कारों की अधिक बिक्री का कारण यह है कि ये वाहन काफी अच्छी माइलेज दे रहे हैं। और कीमत के हिसाब से भी इनका मूल्य इतना अधिक नहीं है। वहीं इस वर्ष तो इसकी बिक्री ने रिकॉर्ड ही तोड़ दिया है। जितने वाहन पिछले पूरे वर्ष में बिके थे उतने इस आधे वर्ष में बिक चुके हैं। सेमिकंडक्टर चिप की वजह से इन वाहनों के लिए इंतजार करना पड़ सकता है, लेकिन अगर वेटिंग पीरियड लंबा न होता तो इन वाहनों का पंजीकरण और भी अच्छी संख्या में होता।
इस वर्ष इतने बिके हाइब्रिड वाहन
जनवरी - 437
फरवरी - 413
मार्च - 605
अप्रैल - 450
मई -409
जून - 415
क्या होती है हाइब्रिड कार
हाइब्रिड कार ऐसी गाड़ी होती हैं जिसमें दो तरीके के इंजन होते हैं। कार में एक पेट्रोल या डीजल इंजन होता है और दूसरा इलेक्ट्रिक इंजन होता है यानी किसी भी हाइब्रिड कार में एक पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक इंजन या फिर डीजल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक इंजन होता है। इस टेक्नोलॉजी को हाइब्रिड कहते हैं और इसमें दोनों इंजन कार को पावर सप्लाई करते हैं। हाइब्रिड कारें भी दो प्रकार की इस समय इंडियन मार्केट में बिक रही हैं, जिसमें माइल्ड हाइब्रिड और स्ट्रांग हाइब्रिड शामिल हैं।
इन हाइब्रिड कारों पर वेटिंग
इनोवा हाइक्रॉस - 24 माह
अर्बन क्रूजर - 20 से 24 माह
कैमरी - तीन से पांच माह
होंडा सिटी - छह से आठ माह
ग्रैंड विटारा - चार से पांच माह