दो दिनों तक बंधक बनाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म
दादरी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को ले जाने और दो दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वहीं, आरोप है कि मेडिकल परीक्षण कराने के लिए पुलिस ने परिजनों से एक हजार रुपये की मांग की। किशोरी पांच दिन पहले अपनी छोटी बहन के साथ जंगल में गई थी। तभी मोहल्ले का एक युवक उसे ले गया और छोटी बहन को मारपीट कर भगा दिया। घर पहुंचकर छोटी बहन ने परिजनों को सूचना दी। वह दो दिन तक किशोरी की तलाश करते रहे। हारकर कोतवाली दादरी में केस दर्ज कराया। पुलिस ने किशोरी को रामपुर फतेहपुर से बरामद कर लिया। परिजनों ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी। कोऑर्डिनेटर अदनान उस्मानी ने नाबालिग की काउंसलिंग की। जिसमें उसने दो दिन तक दुष्कर्म की बात बताई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराने के लिए महिला पुलिसकर्मी ने एक हजार रुपये की मांग की। इनकार करने पर 500 रुपये मांगने लगी। साथ ही रुपये नहीं देने पर धमकाने का भी आरोप लगाया है। सहायक पुलिस आयुक्त नितिन कुमार का कहना कि आरोपी की तलाश की जा रही है। रुपये मांगने के मामले में जांच कर कार्रवाई होगी।