नोएडा। सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में हयूमन इम्यूनो डेफिसिएंसी वायरस (एचआईवी) से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। यहां एंटी रिट्रो वायरल थेरेपी (एआरटी) सेंटर खोलने के लिए जगह मांगी गई है। स्टाफ की भर्ती के लिए कवायद जारी है। जिला अस्पताल में एचआईवी मरीजों के लिए यह सुविधा शुरू की जानी थी, लेकिन इसके लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण अस्पताल प्रशासन ने चाइल्ड पीजीआई प्रशासन को पत्र लिखा है। फिलहाल, एचआईवी पीड़ितों को इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज पर निर्भर रहना पड़ता है। हालांकि, जिला अस्पताल का नया भवन सेक्टर-39 में बनकर तैयार है, लेकिन इसे अस्थायी कोविड अस्पताल बनाया गया है। कोरोना संक्रमण का खतरा टलने के बाद जिला अस्पताल सेक्टर-39 में शिफ्ट किया जाएगा। यहीं पर एआरटी सेंटर भी बनेगा। इस सेंटर में एक डॉक्टर, एक काउंसिलर सहित पांच लोगों का स्टाफ तैनात होगा। सीएमएस डॉ. सुषमा चंद्रा ने बताया कि एआरटी सेंटर को लेकर जल्द ही कोई निर्णय हो जाएगा।