माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-24 स्थित मोदी मॉल में फिल्म देखने पहुंची युवती ने अभद्रता करने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार फिल्म शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद पीछे की सीट पर बैठे कुछ युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके और उनकी सहेली के साथ अभद्रता शुरू कर दी। सेक्टर-45 निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को परिवार के अन्य सदस्यों और अपनी सहेली के साथ सेक्टर-24 स्थित मोदी मॉल में फिल्म देखने गई थीं। फिल्म देर रात 11:25 बजे शुरू हुई थी। शो शुरू होने के करीब 10-15 मिनट बाद उनकी सीट के पीछे बैठे कुछ युवकों ने आपस में गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन युवकों ने अभद्रता करना शुरू कर दिया। जब युवती ने अपनों संग बाहर निकलकर उनसे बचने का प्रयास किया तो आरोप है कि बाहर भी युवकों ने उन्हें धमकी दी। घटना के बाद प्रिया ने पुलिस की इमरजेंसी सेवा 112 पर सूचना दी। अब सेक्टर-24 थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि इस मामले में युवती की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है।