बीटा-2 थाना क्षेत्र में एक बार फिर नशे के बड़े अवैैध धंधे का खुलासा हुआ है। दिल्ली में चार किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार दो अफगानिस्तान के नागरिकों की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पांच किलो हेरोइन बरामद की है। हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 25 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने ये हेरोइन ऐच्छर पुलिस चौकी क्षेत्र में पंकज वर्मा नाम के व्यक्ति के गैराज में खड़ी इटियोस कार की डिग्गी से बरामद की है। कार्रवाई के दौरान बीटा-2 थाना पुलिस भी मौजूद रही।
रविवार देर शाम दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के निरीक्षक विनोद कुमार और अरविंद कुमार अपनी टीम के साथ दो अफगान नागरिकों रहीमुल्ला और मुस्तफा को लेकर बीटा-2 थाना क्षेत्र में पहुंचे। स्पेशल सेल ने इसकी जानकारी बीटा-2 थाना पुलिस को दी। थाना की टीम भी दिल्ली पुलिस के साथ ऐच्छर चौकी क्षेत्र स्थित एक गैराज में पहुंची। यहां खड़ी एक इटियोस कार से टीम ने पांच किलो हेरोइन बरामद की। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल से हेरोइन व दोनों आरोपियों को लेकर रवाना हो गई।
बिरोंडी के युवक ने खड़ी की कार, गिरफ्तार
स्थानीय पुलिस ने जानकारी दी कि पकड़े गए आरोपी सूरजपुर की सोसाइटी में रहते थे। उनका परिचित भी यहां रहता था। दो दिन पहले आरोपियों के परिचित बिरोंडी निवासी युवक ने कार गैराज में खड़ी थी। स्थानीय पुलिस की मदद से बिरोंडी निवासी आरोपी को भी दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हेरोइन डिग्गी में पॉलीथीन में पैक कर रखी हुई थी।
ग्रेनो में रहकर दिल्ली तक करते थे तस्करी
पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि दोनों आरोपी ग्रेटर नोएडा में रहकर दिल्ली-एनसीआर तक हेरोइन की तस्करी के अवैध धंधे में लिप्त थे। आरोपियों के अफगानिस्तान से ही हेरोइन लाकर भारत में तस्करी की आशंका है। ग्रेनो में अफगानिस्तान के कई छात्र शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई करते हैं। इस आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि आरोपी यहां पढ़ने की आड़ में नशे के अवैध धंधे में लिप्त हो गए हों।