नूंह। जिले में सर्व कल्याण मंच हरियाणा सामाजिक संस्था ने युवाओं को सड़क हादसे से बचाव के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है। जिसके तहत शादी के इस सीजन में दूल्हा को नि:शुल्क हेलमेट भेंट कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मंच के महासचिव चौधरी बुधराम ने बताया कि जिले में युवा पूर्व से ही यातायात नियमों में लापरवाही करते हैं। ऐसे युवाओं को जागरूक करने के लिए यह पहल की है। अभी वह शादी होने वाले दूल्हे को हेलमेट दे रहे हैं। इस दौरान शादी में लड़का और लड़की दोनों पक्ष के काफी लोग आते हैं। जिससे उनमें भी यातायात के प्रति जागरूकता पैदा हो रही है। उन्होंने बताया कि मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवीन कौशिक के दिशा निर्देश अनुसार प्रदेश में शादी समारोह के दौरान दूल्हों को उपहार स्वरूप हेलमेट भेंट किया जा रहा है। मंच के सदस्य शादी समारोह के दौरान उपस्थित लोगों को यातायात के नियमों के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं। मंच के द्वारा अब तक दर्जनों शादी समारोह में पहुंचकर दूल्हों को भेंट स्वरूप हेलमेट उपहार में दिए जा चुके हैं। इससे पूर्व भी मंच ने समाज में जागरुकता के लिए हर घर बेटी के नाम मुहीम जिसमें नूंह जिले में भी बेटियों के नाम से हजारों की संख्या में नेम प्लेट लगाई थी। सड़क सुरक्षा की इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए इस मौके पर सर्व कल्याण मंच नूंह के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र बघेल, नवीन बघेल कोषाध्यक्ष, प्रिंस शर्मा ने नूंह निवासी हेमंत बागड़ी के शादी के अवसर पर उन्हें उपहार स्वरूप हेलमेट भेंट किया।