-जेवर ब्लॉक के 35 कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
यमुना सिटी (संवाद)। लखनऊ में उत्तर प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के समर्थन में जेवर ब्लॉक के 35 कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है। इससे स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच सहित कई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कुछ कर्मचारी जेवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर धरना दे रहे हैं, जबकि कुछ लखनऊ और गौतमबुद्ध नगर के जिला अस्पताल में प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों की अनुपस्थिति से मरीजों को जांच और बीपीएम से संबंधित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए और भत्तों में बढ़ोतरी की जाए। उन्होंने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जेवर विधायक को ज्ञापन भी सौंपा है।