यमुना सिटी (संवाद)। उधारी के रुपये वापस मांगने पर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गांव गुजरान निवासी विक्की ने बताया कि उसने दनकौर कस्बा निवासी शोएब को रुपये उधार दिए थे। सोमवार रात को जब उसने आरोपी से अपने रुपये मांगे तो आरोपी नाराज होकर अपशब्द बोलने लगा। जब विक्की ने विरोध किया तो शोएब ने अपने भाई आशु, मेहराज और पड़ोसी तरुण के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी शोएब को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अन्य तीनों आरोपियों की तलाश जारी है।