टीवी कैबिनेट बनाने वाली कंपनी पर राज्य जीएसटी का छापा
नोएडा। राज्य वस्तु एवं सेवाकर (एसजीएसटी) की विशेष अनुसंधान शाखा ने शनिवार को सेक्टर-63 स्थित टीवी
कैबिनेट बनाने वाली कंपनी पर छापा मारा। करीब 8 घंटे चली कार्रवाई के दौरान बिना प्रपत्रों के 14.5 लाख रुपये का माल सीज किया गया, जबकि 5.30 लाख रुपये कर एवं जुर्माना जमा कराया गया। अतिरिक्त आयुक्त ग्रेड-2 धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। संयुक्त आयुक्त (एसआईबी) दिनेश कुमार दुबे ने बताया कि कंपनी टीवी कैबिनेट बनाने के अलावा लोकल ब्रांड के टीवी की ट्रेडिंग का काम भी करती है। कर चोरी की सूचना मिलने पर उप आयुक्त मिथिलेश मिश्रा के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे टीम कंपनी पहुंची और प्रपत्रों की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के मुताबिक कंपनी के रिकॉर्ड की जांच की गई तो 14.5 लाख से अधिक राशि का माल बिना प्रपत्रों के पाया गया। रात करीब आठ बजे तक कार्रवाई चली।