नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार देर रात एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की बाइक, अवैध चाकू और मोबाइल बेचकर मिले दो हजार रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह राह चलते लोगों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करता था।पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात उनकी टीम अरावली चौकी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सेक्टर-53 की ओर से एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिर गया। पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी अंकुर (30) के रूप में हुई है। वह फिलहाल मोरना गांव में किराये पर रह रहा था। आरोपी ने बताया कि उसने बाइक कुछ दिन पहले हरौला से चोरी की थी। थाना प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।