दनकौर (संवाद)। यमुना एक्सप्रेस वे के 18 वें किमी पर 7 दिन पहले कैंटर चालक की लापरवाही से हुए हादसे में युवक की मौत हो गई थी। वहीं उसका साथी गंभीर घायल हो गया था। घायल व्यक्ति ने अब दनकौर थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कानपुर देहात के टिंगुआ निवासी राजकिशोर ने शिकायत में कहा है कि 13 जुलाई को वह गांव के ही चालक अशोक और ललित के साथ जालौन से कैंटर में समान भरकर दिल्ली के लिए निकले थे। एक्सप्रेस पर चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कैंटर अज्ञात वाहन से टकरा गई। इस हादसे में ललित की मौके पर मौत हो गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक अशोक मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार का कहना है पीड़ित की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।