नोएडा (संवाद)। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा सुरक्षित रखवा दिया। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।