ग्रेटर नोएडा। अल्फा-1 घरौंदा अपॉर्टमेंट के समीप स्कूटी में तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। मामले में बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बुधवार को अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नंगली वाजिदपुर गांव निवासी लक्की शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन प्रीति शर्मा सूरजपुर न्यायालय में अधिवक्ता हैं। 4 जून 2026 को शाम वह अपनी बहन को स्कूटी पर परी चौक के रास्ते घर जा रहे थे। अल्फा-1 स्थित घरौंदा अपार्टमेंट के पास पीछे से आ रही एक कार के चालक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद उनकी बहन उछलकर स्कूटी से नीचे गिर गईं। हादसे में उनके शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हो गए। बहन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो