नोएडा। कोतवाली फेज-1 पुलिस ने टीवी पत्रकार निशांत शर्मा को ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह एक समाचार चैनल से जुड़ा था। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। सूफी ग्रुप के प्रबंधक प्रशांत कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी हरौला मार्केट में शराब की दुकान है। आरोप है कि 20 सितंबर 2025 को दुकान पर अधिक दर पर शराब बिक्री का वीडियो बनाया गया। आरोपी ने वीडियो हटाने के लिए पहले 30 हजार रुपये मांगे, फिर 29 सितंबर को वीडियो एक्स पर अपलोड कर दिया। बाद में वीडियो हटाने के लिए 30 हजार रुपये और हर महीने 15 हजार रुपये देने का दबाव बनाया गया। एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।