माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला एस्टेट सोसाइटी में बुधवार को हुए हादसे में जान गंवाने वाले एक परिवार के चार सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। बार्कलेज ग्लोबल सर्विस सेंटर के वाइस चेयरमैन सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और दो मासूम बेटों की मौत से सोसाइटी के लोग गहरे सदमे में हैं। दिवंगत परिवार की याद में क्लब हाउस में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए। बता दे, सौरभ उपाध्याय निराला एस्टेट फेज-2 के टावर संख्या-21 की 16वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1605 में पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। बुधवार को वह अपनी एक्सयूवी कार से परिवार समेत अपने पैतृक गांव प्रयागराज के नीम सराय मुंडेरा जा रहे थे। इसी दौरान हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के अंटवा गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका, सात वर्षीय बेटे व्योम और डेढ़ वर्षीय बेटे शिवोम की जान चली गई।