बिसरख पुलिस पर 50 हजार में युवक छोड़ने का आरोप
ग्रेटर नोएडा। बिसरख थाना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पुलिसकर्मियों पर एक युवक को 50 हजार रुपये लेकर छोड़ने का आरोप लगा है। वीडियो में एक युवक और कुछ पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों ने युवक को देह व्यापार में संलिप्त बताकर पकड़ा था। वे युवक को पुलिस के पास कार्रवाई के लिए ले गए थे। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के बजाय युवक से 50 हजार रुपये लिए और उसे छोड़ दिया। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस के अनुसार, आरोप लगाने वाले कोई साक्ष्य नहीं दे सके। जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद युवक को पूछताछ कर छोड़ा गया। एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।