ग्रेटर नोएडा। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के क्रेडिट कार्ड से 2.91 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित नरेंद्र सिंह ने बताया कि 14 मई 2026 को उनके क्रेडिट कार्ड से संदिग्ध लेनदेन किया गया। इसकी जानकारी उन्हें तत्काल नहीं हो सकी। 26 मई को क्रेडिट कार्ड का स्टेटमेंट देखने पर धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने बैंक के अधिकारियों से संपर्क कर मामले की जानकारी दी। पीड़ित के मुताबिक जांच के दौरान पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से की गई रकम का इस्तेमाल दिल्ली के ओखला स्थित पते से जुड़े लेनदेन में हुआ है। वहीं कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो