जैकसन व सिफी 1757़ 45 करोड़ रुपये का करेंगी निवेश, 775 लोगों को मिलेगा रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जेवर क्षेत्र भी उड़ान भर रहा है। यमुना प्राधिकरण ने दो बड़ी कंपनियों को डाटा सेंटर के लिए प्लॉट आवंटित कर दिए हैं। इनमें जैकसन लिमिटेड व सिफी इंफिनिट स्पेसेस लिमिटेड की ओर से 1757़ 45 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा तो 775 लोगों को रोजगार मिलेगा। सिफी इंफिनिट स्पेसेस लिमिटेड फॉर्च्यून-500 में शामिल है। यीडा के सेक्टर-28 में अधिकारियों ने पांच डाटा सेंटर के लिए प्लॉट आरक्षित कर दिए हैं और इससे यीडा क्षेत्र डाटा सेंटर पार्क का भी हब बन जाएगा। हालांकि ग्रेटर नोएडा में पहले ही एक डाटा सेंटर चल रहा है और जल्द ही ग्रेनो प्राधिकरण डाटा सेंटर की योजना लाने की तैयारी कर रहा है।
यमुना प्राधिकरण ने यीडा सिटी के सेक्टर-28 को डाटा पार्क के लिए आरक्षित कर रखा है। डाटा सेंटर विकसित करने के लिए बीते माह पांच भूखंडों की योजना निकाली गई थी, जिसमें आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 अक्तूबर थी। योजना में मैसर्स जैकसन लिमिटेड, मैसर्स सिफी इंफिनिट स्पेसेस लिमिटेड व टीएनटी ने आवेदन किया था। आवंटन समिति की बैठक हुई तो तीनों आवेदनों पर समिति द्वारा विचार करने के बाद परियोजना प्रस्तुतीकरण के आधार पर मैसर्स जैकसन लिमिटेड को भूखंड संख्या- डी-9 क्षेत्रफल- 20,000 वर्गमीटर तथा मैसर्स सिफी इंफिनिट स्पेसेस लिमिटेड को भूखंड संख्या डी- 10 आवंटित किया गया। सिफी इंफिनिट फॉर्च्यून- 500 कंपनियों में शामिल है।
बता दें कि योजना में 1,25,660 वर्गमीटर व 40 हजार वर्गमीटर के 1-1 भूखंड व 20,000 वर्गमीटर के 3 भूखंड थे। 1,25,660 वर्गमीटर के लिए आरक्षित मूल्य 14,064़ 60 व 40,000 वर्गमीटर के लिए आरक्षित मूल्य 12,819 व 20,000 वर्गमीटर के लिए आरक्षित मूल्य 14,793 व 20,000 वर्गमीटर के लिए आरक्षित मूल्य 14,088 एवं 20,000 वर्गमीटर के लिए आरक्षित मूल्य 15,497 प्रति वर्गमीटर था।
भविष्य में ग्रेटर नोएडा में डाटा सेंटर पार्क देश में सबसे अधिक होंगे
अधिकारियों की मानें तो भविष्य में ग्रेटर नोएडा में डाटा सेंटर पार्क देश में सबसे अधिक होंगे। चूंकि पहले चरण में डाटा सेंटर पार्क के लिए पांच प्लॉट आरक्षित किए हैं तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भी तीन और डाटा सेंटर लाने की तैयारी कर रखी है। हालांकि ग्रेनो में अभी एक डाटा सेंटर पार्क का उद्घाटन पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। अब वह दिन दूर नहीं, जब ग्रेटर नोएडा डाटा सेंटर पार्क का हब बन जाएगा।
यीडा सिटी में डाटा सेंटर विकसित करने के लिए दो कंपनियों को भूखंड आवंटित किए गए हैं। इससे क्षेत्र में 1757़ 45 करोड़ रुपये का निवेश व 775 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। भविष्य में डाटा सेंटर की योजना दोबारा आएगी।
-डॉ़ अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण