फोटो
रेड जोन के पास पहुंचा ग्रेनो का वायु प्रदूषण
ग्रेटर नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को ग्रेनो का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रेड जोन के करीब 288 पर पहुंच गया है। जबकि, नोएडा का एक्यूआई 236 रहा। यूपीपीसीबी का कहना है कि अगर हवा में आर्द्रता बनी रही तो शुक्रवार को एक्यूआई 300 के पार रेड जोन में पहुंच जाएगा। बृहस्पतिवार शाम चार बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के बुलेटिन में ग्रेटर नोएडा देश का 12वां सबसे प्रदूषित शहर रहा। जबकि, दिल्ली-एनसीआर का दूसरा सबसे प्रदूषित रहा। पहले नंबर पर गाजियाबाद रहा। बुधवार को ग्रेनो का एक्यूआई 239 और मंगलवार को 120 था। बृहस्पतिवार को नोएडा देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 27वें स्थान पर रहा। वहीं, बुधवार को नोएडा का एक्यूआई 200 और मंगलवार को 149 था। प्रदूषण विभाग का कहना है कि हवा में आर्द्रता अधिक होने के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। बारिश के कारण भी आर्द्रता बढ़ रही है। धूप निकलने और हवा चलने पर प्रदूषण में सुधार होगा।