ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में हवा साफ रखने के लिए मशीनों का पूरा बेड़ा उतारा गया है। इसमें एंटी स्मॉग गन से लेकर धूल हटाने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन और पानी के छिड़काव के लिए टैंकर लगाए गए हैं। इसके बाद भी हवा अभी से ऑरेंज जोन में पहुंची हुई है। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक उद्यान विभाग द्वारा ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट में अलग-अलग टीमें और 30 से अधिक टैंकर लगाकर पेड़ों की धुलाई करने में जुटी हैं। इसके अलावा निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन और सार्वजनिक स्थलों पर 8 एंटी स्मॉग गन काम पर लगाई गई हैं। मुख्य सड़कों की सफाई के लिए भी 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें ठेके पर लगाई गई हैं। डीजीएम विजय रावल का कहना है कि प्राधिकरण की टीमें प्रदूषण नियंत्रण के लिए पूरा प्रयास कर रही हैं। लोगों को अगर कहीं प्रदूषण की वजह मिलती है तो ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मित्र ऐप पर शिकायत कर सकते हैं। ब्यूरो