नोएडा (संवाद)। पंजाबी समाज की ओर से रविवार शाम सेक्टर-51 स्थित रामा सेलिब्रेशन में माता की चौकी एवं डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। इसमें 350 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इसकी शुरुआत मां भगवती की पूजा-अर्चना और ज्योति प्रज्वलन के साथ हुई। विधायक पंकज सिंह ने ज्योति प्रज्वलित की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने माता के भजनों का आनंद लिया और परिवारों के साथ डांडिया खेलकर उत्सव मनाया। कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, जिलाध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व विधायक विमला बाथम और फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे। समाज के अध्यक्ष राजीव अजमानी ने कहा कि ऐसे आयोजन पंजाबी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता को बढ़ावा देते हैं।