-सिल्वर रंग के सिंबल की खासियत, हर दिशा से एक समान आएगा नजर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आईएटीए कोड डीएक्सएन का भव्य सिंबल स्थापित कर दिया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे से ग्रीनफील्ड मार्ग के जरिये एयरपोर्ट में प्रवेश करने पर बाईं ओर यह सिंबल नजर आएगा। सिल्वर रंग के इस सिंबल की ऊंचाई 30 फीट से अधिक है। इसकी खासियत है कि यह हर दिशा से एक समान दिखाई देगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की पहचान को प्रमुखता से दर्शाने के लिए स्थापित किया गया यह सिंबल प्रवेश मार्ग पर आकर्षण का केंद्र बनेगा। एयरपोर्ट का आईएटीए कोड डीएक्सएन है। हवाई यात्रा के दौरान टिकट बुकिंग, बोर्डिंग पास और सामान की पहचान सहित विभिन्न विमानन सेवाओं में आईएटीए कोड का इस्तेमाल किया जाता है। एयरपोर्ट परिसर में डीएक्सएन कोड का भव्य सिंबल स्थापित होने से इसकी पहचान को भी प्रमुखता मिलेगी। ब्यूरो