जौनसार बावर जनजाति सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ ने सितंबर माह से खाद्यान्न उठान व वितरण नहीं करने का निर्णय लिया है। राशन वितरकों ने कहा कि जब तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया जाता तब तक वह न तो गोदाम से राशन उठाएंगे और न ही उसका उपभोक्ताओं को वितरण करेंगे। उन्होंने अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन एसडीएम को भी सौंपा है। सस्ता गल्ला विक्रेता संघ के अध्यक्ष श्याम सिंह राठौर के नेतृत्व में सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने कालसी के एसडीएम से मुलाकात कर अपने फैसले से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छह जून 2025 को एडीएम व जिला पूर्ति अधिकारी ने बकाया भुगतान को लेकर चली आ रही हड़ताल को समाप्त करा दिया था। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं का सितंबर 2024 से पूर्व का भाड़ा और लाभांश आदि की समस्त बकाया धनराशि का भुगतान जून 2025 तक कर दिया जाएगा। सितंबर माह चल रहा है मगर बकाया भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया जाता वह राशन उठान व वितरण का कार्य नहीं करेंगे। उन्होंने अपनी मांग से संबंधित ज्ञापन भी उप जिलाधिकारी प्रेमलाल को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में आशु गुप्ता, जसपाल तोमर, भगत सिंह तोमर, महेंद्र सिंह तोमर, गीता सिंह चौहान आदि शामिल रहे।