नव वर्ष मनाने के लिए अल्फा-2 सेक्टर से अलाव के लिए लकड़ियां व अन्य सामान लेकर सेक्टर डेल्टा-1 लौट रहे तीन छात्रों को एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी और चालक कार लेकर फरार हो गया। 31 दिसंबर की रात को हुए हादसे में इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष की छात्रा बिहार के पटना निवासी स्वीटी कुमारी, उसकी रूम पार्टनर अरुणाचल प्रदेश की करसोनी डोंग व छात्र मणिपुर का आनगानवा घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वीटी कुमार के सिर में गंभीर चोट है और वह कोमा में चली गई और वह जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस सीमा विवाद में उलझी, इसके चलते अगले दिन रिपोर्ट दर्ज हुई। स्वीटी के सहपाठी छात्र-छात्रा उसकी मदद कर इलाज करा रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी मदद की अपील कर रहे हैं। स्वीटी के कॉलेज जीएनआईओटी प्रबंधन ने भी एक लाख रुपये की मदद की है। वहीं, पुलिस की सात टीमें आरोपियों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
छात्र आशीर्वाद मणि त्रिपाठी ने बताया कि स्वीटी कुमार बीटेक अंतिम वर्ष की छात्रा है और डेल्टा-1 में किराये पर करसोनी डोंग के साथ रहती है। 31 दिसंबर की रात लगभग 9 बजे दोनों छात्रा अपने साथी आनगानवा के साथ अल्फा-2 मार्केट में खरीदारी के लिए आईं थीं। यहां से सामान खरीदने के बाद वे अल्फा-2 बस स्टॉप से पैदल डेल्टा-1 जा रहे थे।
ये तीनों डेल्टा-1 गोल चक्कर से रोड पार कर मार्डन स्कूल की तरफ जा रहे थे। तभी एक कार ने तीनों छात्रों में टक्कर मार दी और मौके पर रुकने के बजाय फरार हो गया। राहगीरों की मदद से तीनों छात्रों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिर सामने आया बीटा-2 और सूरजपुर का सीमा विवाद
थाना का सीमांकन सही न होने के कारण सीमा विवाद के अक्सर मामले सामने आते हैं। बीटा-2 थाने और सूरजपुर कोतवाली का सीमा विवाद एक बार फिर सामने आया। दअरसल, डेल्टा-1 सेक्टर सूरजपुर कोतवाली में लगता है। लेकिन इसके सामने का मार्ग बीटा-2 थाने में है। सीमा विवाद का खामियाजा पीड़ित को झेलना पड़ा। क्षेत्र का फैसला होने तक न तो रिपोर्ट की गई और न ही जांच शुरू की गई। लेकिन जैसे मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस अलर्ट हो गई। पुलिस की सात टीमें आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
आशीर्वाद ने बताया कि राहगीरों ने बताया कि चालक कार लहराकर चला रहा था। इससे उसके नशे में होने की आशंका है। वहीं, कार की रफ़्तार भी काफी तेज थी। इसके चलते कार की टक्कर से स्वीटी काफी दूर जाकर गिरी। इससे उसके सिर के अलावा एक टांग में पांच और दूसरी में दो फैक्चर हैं। चिकित्सक ने इलाज के लिए दस लाख का खर्च बताया है। इसके चलते करन पांडे, आदर्श प्रताप सिंह, राज श्रीवास्तव आदि सोशल मीडिया पर मदद की अपील कर रहे हैं।
इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। कार की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गईं हैं। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। दिनेश कुमार सिंह, एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन