बिलासपुर (संवाद)। डाक कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए युवक की हालत गंभीर है और उसका इलाज जारी है। मेरठ के पास युवक हादसे का शिकार हो गया था और उसे गंभीर चोटें आई थी। इसके बाद से ही वह आईसीयू में भर्ती है। बिलासपुर कस्बे से डाक कांवड़ लेने के लिए लगभग आधा दर्जन युवक पांच दिन पूर्व बाइकों से हरिद्वार के लिए निकले थे। मेरठ में एक मोटरसाइकिल सड़क पर फिसल जाने के कारण बिलासपुर निवासी प्रवीण जैन के भाई कुशाग्र जैन और अंकित घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण कुशाग्र को मेरठ के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आईसीयू में उसका इलाज जारी है।