न्यायालय के आदेश पर पत्नी समेत तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के मायचा की मडैया गांव में महिला के लापता होने के मामले में पति ने पत्नी समेत तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि मायचा की मडैया गांव में मोहित परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि 19 अप्रैल को परिवार में शादी समारोह आयोजित हुआ। परिवार के सभी लोग शादी में शामिल होने गए थे। मोहित की पत्नी नूतन घर पर रुक गई। जब शादी से परिजन वापस लौटे तो नूतन घर पर मौजूद नहीं मिली। नूतन गर्भवती थी जिसकी डिलीवरी का समय चल रहा था। घटना की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई थी। 22 अप्रैल को पत्नी नूतन के मिलने की सूचना मिल गई थी। जब वह नूतन को लेने के लिए थाने में पहुंचे तो नूतन को देखकर दंग रह गए। नूतन के गर्भ में पल रहा बच्चा नहीं था। पीड़ित के साले पवन, सांस ममता ने गंदी-गंदी गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पत्नी नूतन, पवन कुमार शर्मा, ममता शर्मा व अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।