नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सर्फाबाद स्थित बंगाली मार्केट में एक महिला ने अपने पति पर मारपीट करने और मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बंगाली मार्केट, सर्फाबाद निवासी सुनीता कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 सितंबर 2026 को वह अपने पति अजय गुप्ता के घर गई थीं। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान अजय ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन तोड़ दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।