ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित केसीसी कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे एक छात्र का बैग चोरी हो गया। पीड़ित की शिकायत पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। दिल्ली निवासी आशीष चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 1 जून को परीक्षा देने के लिए केसीसी कॉलेज ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। कॉलेज परिसर में बैग रखने की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्रों को परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले अपने बैग बाहर रखने के निर्देश दिए गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह अपना बैग लेने के लिए वापस पहुंचे तो उनका बैग वहां से गायब था। चोरी हुए बैग में उनका मोबाइल फोन, ईयरबड्स और अन्य निजी सामान रखा हुआ था। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो