नोएडा। सेक्टर-18 की मल्टीलेवल पार्किंग से टैटू आर्टिस्ट की कार चोरी करने के मामले में कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान एटा निवासी 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी की हुंडई कार के अलावा फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को एक टैटू आर्टिस्ट सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में अपनी कार खड़ी करके इंटरव्यू देने गई थी। कुछ देर बाद लौटने पर कार गायब मिली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने 13 सितंबर की रात अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की तरफ जाने वाले रास्ते पर खाली प्लॉट के पास घेराबंदी कर अरुण को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की कार बरामद हुई। कोतवाली प्रभारी अरव्रिंद कुमार ने बताया कि आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। ब्यूरो