यमुना सिटी (संवाद)। जेवर थाना क्षेत्र में पांच महीने पहले बाइक सवारों को टक्कर मारने और उन्हें गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दयानतपुर गांव निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 नवंबर 2025 को उनका भाई मनोज अपने साथी बंटी के साथ बाइक से खुर्जा एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। रास्ते में नीमका गांव के पास एक कार चालक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मारी। इसमें मनोज और बंटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों के भागने से पहले घायलों ने उसकी गाड़ी का नंबर देख लिया था। राकेश ने बताया कि उसके भाई की हालत अब भी नाजुक है और उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।