-धार्मिक टिप्पणी को लेकर हुई थी कहासुनी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जगत फार्म में लेंसकार्ट स्टोर पर ग्राहक और कर्मचारी के बीच विवाद के बाद मारपीट के मामले में सोमवार को बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पहले इस मामले में पुलिस ने एनसीआर दर्ज की थी। पीड़ित कर्मचारी सूरज पुंडीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्टोर पर कार्यरत है। 23 अप्रैल की शाम एक ग्राहक कंपनी को लेकर कथित रूप से धर्म से जुड़ी आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगा। जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ग्राहक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। यह पूरी घटना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित का आरोप है कि अभ्रदता करने वाले आरोपी का नाम नवीन भाटी है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।