फोटो :
यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दिखेगी गौतमबुद्ध नगर की चमक
- एक्सपो मार्ट में 21 सितंबर से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मेले में लगेंगे जिले के 300 स्टॉल
- दोपहर बाद 3 से रात 8 बजे तक आम लोगों को मिलेगा प्रवेश
नवीन कुमार
ग्रेटर नोएडा। यूपी के पहले अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में गौतमबुद्ध नगर की चमक दिखेगी। ग्रेनो के इंडिया एक्सपो सेंटर में 21 सितंबर से शुरू होेने वाले पांच दिवसीय मेले में जिले के 300 स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं स्टार्टअप हॉल में भी जिले के 100 स्टॉल नजर आएंगे। इसके अलावा एक जनपद, एक उत्पाद योजना और एमएमएसई उद्योगों के उत्पाद वर्ग में प्रदर्शित किया जाएगा। उद्यमी संगठनों को भी मेले में प्रदर्शनी लगाने की जगह मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि मेले में आम लोगों के लिए दोपहर बाद तीन बजे से रात आठ बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। वहीं सुबह 11 से दोपहर बाद तीन बजे का समय कारोबारियों के लिए आरक्षित होगा। शासन से लेकर प्रशासन स्तर तक मेले की तैयारी चल रही है।
मेले में कुल 2000 स्टॉल लगाए जाएंगे। जो एक्सपो मार्ट के अलग-अलग हॉल में लगेंगे। जिला उद्योग एंव उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के उपायुक्त अनिल कुमार ने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा की बड़ी-बड़ी कंपनियां जैसे एलजी, केंट, प्रिया गोल्ड समेत सभी बड़ी कंपनियों के स्टॉल होंगे। साथ ही 50 निर्यातक भी शामिल होंगे। मेले में एसएमएसई और ओडीओपी के उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में करीब 2000 स्टार्टअप पंजीकृत हैं। इनमें से 100 स्टार्टअप भी मेले में शामिल होंगे। प्रर्दशनी में स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए एक हॉल में केवल स्टार्टअप को जगह दी गई है। वहीं सभी उद्यमी संगठन भी अपने-अपने स्टॉल लाएंगे। इन स्टॉल पर जिले में औद्योगिक विकास की चमक देखने को मिलेगी।
शाम 4 बजे उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 सितंबर की शाम चार बजे इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। हालांकि अभी अंतिम कार्यक्रम आना बाकी है। अफसरों ने बताया कि मुख्यमंत्री राष्ट्रपति के कार्यक्रम से पहले एक्सपो मार्ट आएंगे।
मुख्यमंत्री की पहल, जीबीयू
के छात्र सीखेंगे बारीकियां
गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के 65 छात्र यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2023 का हिस्सा होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद जीबीयू के एमबीए, बीटेक समेत अन्य कोर्स के छात्र चुने गए हैं। चयनित छात्र अपने अपने कोर्स के अनुसार अलग-अलग हॉल में मौजूद उद्यमियों के साथ रहेंगे और उद्योग की बारीकियां सीखेंगे। प्रदर्शनी में जीबीयू का एक स्टॉल भी होगा।